देहरादून – सूचना निदेशालय में सूचना अधिकारी पद पर चयनित 11 नए अधिकारियों के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के समापन सत्र में महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी ने सभी नए सूचना अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि सूचना अधिकारी सरकार और आमजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। सरकार की योजनाओं को सही लाभार्थी तक पहुंचाने और प्रभावी प्रचार-प्रसार में उनकी भूमिका अहम होती है। उन्होंने मीडिया के साथ समन्वय स्थापित करने और संवाद बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
महानिदेशक ने सभी सूचना अधिकारियों से डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को बेहतर ढंग से सीखने और उनका उपयोग सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सूचना अधिकारियों को नवीनतम तकनीकों से अपडेट रहना होगा ताकि वे राज्य के विकास में प्रभावी योगदान दे सकें।
इस अवसर पर अपर निदेशक सूचना श्री आशिष त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक श्री के.एस. चौहान, डॉ. नितिन उपाध्याय, वरिष्ठ वित्त अधिकारी श्रीमती शशि सिंह, उप निदेशक श्री मनोज श्रीवास्तव, श्री रवि बिजारनियां समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।




