देहरादून: महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उत्तराखण्ड, डॉ. सुनीता टम्टा ने आज डेंगू रोग की रोकथाम को लेकर सभी जनपदों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी जनपदों को डेंगू सर्विलांस को सशक्त करने के निर्देश दिए, ताकि समय पर रोगियों की पहचान हो सके और प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल डेंगू निरोधात्मक कदम उठाए जा सकें।
डॉ. टम्टा ने सभी जनपदों में चिकित्सालयों में विशेष डेंगू वार्ड स्थापित करने, आवश्यक औषधियों की पूरी उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जांच सुविधाओं और प्लेटलेट/ब्लड स्टॉक को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
साथ ही, उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर जाकर ‘सोर्स रिडक्शन’ (डेंगू लार्वा के पनपने के स्रोतों को नष्ट करना) की कार्रवाई की जाए। उन्होंने जनमानस को साफ-सफाई रखने, जमा पानी हटाने, और डेंगू से बचाव के उपायों पर जागरूक करने के निर्देश दिए।




