हल्द्वानी, 14 अक्टूबर 2025: हल्द्वानी के नागरिकों के लिए मंगलवार का दिन एक नई सुविधा लेकर आया। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शहर में सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस परिसर से हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह पहल शहर के विकास और नागरिकों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण है। सिटी बस सेवा से आम लोगों को सस्ती, सुलभ और सुरक्षित परिवहन उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि इससे शहर के यातायात दबाव में कमी आएगी, प्रदूषण घटेगा और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
धामी ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि उत्तराखंड के सभी नगरों में आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सेवा को चरणबद्ध तरीके से शहर के प्रमुख मार्गों पर शुरू किया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिक, विद्यार्थी और नौकरीपेशा लोगों को अधिक सुविधा मिले।
इस अवसर पर विधायक श्री बंशीधर भगत (कालाढूंगी), श्री राम सिंह कैड़ा (भीमताल), भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रताप बिष्ट, कुमाऊँ कमिश्नर श्री दीपक रावत, आईजी श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री अनामिका समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।




