देहरादून:
राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा देहरादून जनपद के विभिन्न सरकारी एवं निजी चिकित्सा संस्थानों में आयुष्मान भारत योजना को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान अस्पतालों में भर्ती मरीजों, उनके तीमारदारों एवं ओपीडी में आने वाले लोगों को आयुष्मान भारत योजना और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही योजना से संबंधित पंपलेट एवं प्रचार सामग्री का वितरण भी किया गया।
राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के चेयरमैन अरविंद सिंह ह्यांकी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रीना जोशी (आईएएस) के निर्देशों के क्रम में आमजन तक आयुष्मान योजना की सही और सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए यह अभियान संचालित किया गया। प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक आईईसी नवीन शुक्ला, नवीन चमोली तथा एबीडीएम के प्रणव शर्मा द्वारा राजधानी देहरादून के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से 70 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित वय वंदना आयुष्मान कार्ड के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जिन पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड अभी नहीं बने हैं, उनसे शीघ्र कार्ड बनवाने की अपील की गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर योजना का लाभ मिल सके।
इसके अलावा सड़क दुर्घटना में घायल पीड़ितों को डेढ़ लाख रुपये अथवा एक सप्ताह तक (जो भी पहले हो) निःशुल्क एवं तत्काल उपचार की सुविधा के बारे में भी जागरूक किया गया।
एबीडीएम के अंतर्गत आभा आईडी, स्वास्थ्य रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण, स्कैन एंड शेयर सुविधा तथा जानकारी, सुझाव एवं शिकायत के निस्तारण हेतु जारी टोल-फ्री नंबर के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर लोगों से आयुष्मान योजना के नाम पर भ्रम फैलाने वाले तत्वों से सतर्क रहने की अपील की गई तथा योजना की गुणवत्ता एवं सार्वभौमिकता को दर्शाने वाली प्रचार सामग्री भी वितरित की गई।




