देहरादून, 06 अक्टूबर 2025 —
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश पर खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफ.डी.ए.) उत्तराखंड द्वारा राज्यभर में प्रतिबंधित व संदिग्ध कफ सिरप के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है।
अपर आयुक्त एवं ड्रग कंट्रोलर ताजवर सिंह जग्गी ने बताया कि राजस्थान व मध्यप्रदेश में कफ सिरप से बच्चों की तबीयत बिगड़ने की घटनाओं के बाद यह कदम एहतियातन उठाया गया है। एफ.डी.ए. टीमों ने प्रदेशभर से अब तक 63 औषधियों के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि बिना चिकित्सक की सलाह के बच्चों को कोई दवा या कफ सिरप न दें और पुरानी या खुली दवाइयाँ तुरंत नष्ट करें।
अपर आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और आयुक्त लगातार अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ भी राज्यभर में जांच अभियान तेज किया गया है।




