कोटद्वार: पौड़ी-कोटद्वार राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक भयानक हादसे में बाइक सवार युवती पार्वती की डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली पौड़ी के वरिष्ठ उपनिरीक्षक हेमकांत सेमवाल ने बताया कि मृतका पार्वती (20), पुत्री यशवंत, निवासी गाडका महरगांव, परसुंडाखाल, पौड़ी गढ़वाल थी।
पार्वती बाइक की पिछली सीट पर सवार होकर पौड़ी आ रही थी, जब अपर चोपड़ा मोहल्ले के पास यह हादसा हुआ। बाइक चला रहे युवक को किसी प्रकार की चोट नहीं आई है। पुलिस इस दुर्घटना की जांच में जुटी है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। यह भी पता चला है कि पार्वती पौड़ी में कंप्यूटर कोर्स कर रही थी।




