उधमसिंह नगर, 12 जून। राष्ट्रीय आयुष मिशन, उत्तराखंड के अंतर्गत ग्राम चुकटी देवरिया (लालपुर), जनपद उधमसिंह नगर में वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामीण जनों की समग्र स्वास्थ्य देखभाल हेतु आज एक वृहद आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन उत्तराखंड शासन के आयुष सचिव श्री दीपेंद्र कुमार चौधरी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने गाँव से अपने गहरे भावनात्मक जुड़ाव को साझा करते हुए कहा कि चुकटी देवरिया उनकी आत्मा से जुड़ा गाँव है और अब जब वे प्रशासनिक भूमिका में हैं, तो इस भूमि के लोगों की सेवा करना उनका व्यक्तिगत संकल्प है।
शिविर में आयुर्वेद, होम्योपैथी और एलोपैथी तीनों चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श, औषधि वितरण, ECG, त्वरित जांच, योग अभ्यास तथा पंचकर्म परामर्श जैसी सेवाएं प्रदान कीं। साथ ही, आयुर्वेदिक दिनचर्या किट भी वितरित की गई।
शिविर में विभिन्न विषयों पर व्याख्यानों का आयोजन भी किया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने बुजुर्गों के लिए जीवनशैली परामर्श, मानसिक स्वास्थ्य, ऋतुचर्या, पौष्टिक आहार, तथा योग की उपयोगिता पर ग्रामीणों को सरल भाषा में मार्गदर्शन दिया।
सचिव महोदय ने जानकारी दी कि लालपुर स्थित “आयुष्मान आरोग्य मंदिर” में प्रतिदिन योग, परामर्श, जांच और औषधि वितरण सेवाएं उपलब्ध हैं और शीघ्र ही एक पंचकर्म एवं योग केंद्र की स्थापना भी की जाएगी।
इस अवसर पर उन्होंने गाँव के बच्चों और किशोरों से संवाद करते हुए उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, आत्मविश्वास रखने और आयुष जैसे क्षेत्रों में करियर के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने यह विश्वास जताया कि गाँव के बच्चे सही मार्गदर्शन के साथ प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सचिव महोदय ने घोषणा की कि ऐसे आयुष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन गाँव में नियमित रूप से किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने सभी ग्रामवासियों से 21 जून 2025 को “अंतरराष्ट्रीय योग दिवस” पर आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में भाग लेने की अपील भी की।
शिविर में 300 से अधिक ग्रामीणों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं युवाओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।




