देहरादून | बुधवार
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को आईटीबीपी स्टेडियम, सीमा द्वार, देहरादून में सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय माल्टा महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कृषकों से संवाद किया तथा माल्टा और नींबू की खटाई का स्वाद भी लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में माल्टा उत्पादन की अपार संभावनाएँ हैं। राज्य सरकार द्वारा इस दिशा में ठोस पहल करते हुए माल्टा मिशन प्रारंभ करने की घोषणा की गई है, जिसके माध्यम से माल्टा के उत्पादन, विपणन एवं मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस मिशन से पहाड़ी क्षेत्रों के किसानों की आय में वृद्धि होगी और उत्तराखण्ड के स्थानीय फलों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार माल्टा के साथ-साथ कीवी, सेब, आड़ू, पुलम, नींबू प्रजाति एवं अन्य स्थानीय फलों के उत्पादन को भी बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि माल्टा महोत्सव जैसे आयोजन किसानों को सीधे उपभोक्ताओं एवं बाजार से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।
इस अवसर पर आईजी आईटीबीपी श्री संजय गुंज्याल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Leave a comment




