पिथौरागढ़, 16 जनवरी।
जनपद पिथौरागढ़ में गुरुवार को आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सैकड़ों जनसमस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। राजकीय इंटर कॉलेज, सातशिलिंग में आयोजित इस कार्यक्रम में न्याय पंचायत बीसा बजेड क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने टूटी हुई नालियों व सड़कों के निर्माण, फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़, पेयजल आपूर्ति को नियमित करने, राशन कार्ड एवं अन्य सरकारी दस्तावेज बनवाने, चेक डैम तथा खेल मैदान निर्माण जैसी मांगें रखीं।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों से समस्याओं पर जवाब तलब किया और कई मामलों में मौके पर ही निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के दूरस्थ गांवों तक विकास की धारा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि पहले जनसुनवाई कार्यक्रम जिला, ब्लॉक या विधानसभा स्तर पर होते थे, लेकिन अब न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों से जनसमस्याओं के समाधान में तेजी आई है। भाजपा हमेशा विकास की राजनीति करती आई है और यही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत सहायता राशि के चेक और महालक्ष्मी किट भी वितरित किए गए। कुल 683 लाभार्थियों की समस्याओं का समाधान किया गया।
इस अवसर पर मेयर पिथौरागढ़ कल्पना देवलाल, राज्यमंत्री गणेश भंडारी, राज्यमंत्री अशोक नबियाल, जिलाधिकारी आशीष भटगई, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, उप जिलाधिकारी मनजीत सिंह, प्रभागीय वन अधिकारी आशुतोष सिंह, पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।




