हरिद्वार, 19 सितंबर।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय अपर रोड स्थित विद्यालय संख्या 34 एवं 41 का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा और एचआरडीए उपाध्यक्ष अंशुल सिंह भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों को बच्चों को गुणवत्तापरक शिक्षा उपलब्ध कराने और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को मानक एवं रोस्टर के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि विद्यालय भवन काफी पुराना और जर्जर अवस्था में है। हाल ही में एक दीवार क्षतिग्रस्त भी हुई है। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य को कक्षाएं सुरक्षित स्थान पर संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने दोनों विद्यालय भवनों को मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित करने के लिए एचआरडीए को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। इसमें कंप्यूटर रूम, म्यूजिक रूम, स्पोर्ट्स रूम और आर्ट रूम जैसी सुविधाएं शामिल करने को कहा गया।
प्रधानाचार्य ने जिलाधिकारी को बताया कि विद्यालय संख्या 34 में 122 छात्र-छात्राएं तथा विद्यालय संख्या 41 में 89 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को जर्जर भवन को ध्वस्तीकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी आशुतोष भंडारी, खंड शिक्षा अधिकारी बहादराबाद बृजपाल सिंह राठौर, प्रधानाचार्य सपना रानी और शिक्षिका सुनीता जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




