देहरादून, 31 जुलाई 2025।
स्वास्थ्य विभाग की महानिदेशक डा. तारा आर्य आज गरिमामयी समारोह के बीच औपचारिक रूप से सेवानिवृत्त हो गईं। सेवानिवृत्त समारोह का आयोजन स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय परिसर में किया गया, जिसमें विभागीय अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया।
डा. तारा आर्य ने अपने कार्यकाल के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया और अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन सुनिश्चित किया। उनके नेतृत्व में विभाग ने कई उपलब्धियाँ हासिल कीं, जिनमें प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की मजबूती और जनजागरूकता अभियानों का सफल संचालन प्रमुख रहे।
अपने विदाई भाषण में डा. आर्या ने सभी सहयोगियों और विभाग को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने जो भी जिम्मेदारी निभाई, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया। उन्होंने विभाग में अपने अनुभवों को याद करते हुए भावुकता के साथ कहा कि यह यात्रा उनके जीवन की सबसे मूल्यवान उपलब्धियों में से एक रही।
विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने डा. तारा आर्या के दीर्घकालिक सेवाकाल को प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर डा. सुनीता टम्टा ने महानिदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं के पद का औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। डा. टम्टा के अनुभव, नेतृत्व क्षमता और स्वास्थ्य नीति में विशेषज्ञता को देखते हुए विभाग को उनसे नई ऊँचाइयों तक पहुँचने की आशा है।




