देहरादून। महाराष्ट्र समाज सेवा समिति, देहरादून के पांच दिवसीय गणेशोत्सवात में आज 30 अगस्त को महाराष्ट्र महिला मंडल की महिलाओं ने महाराष्ट्र की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में परंपरागत रूप से मनाए जाने वाले उत्सव जैसे गुढीपाडवा, दही-हांडी, आषाढी वारी एवं मंगळागौर पूजा के पारंपरिक खेलों को मनोरंजक शैली में संगीत, नृत्य और पूजा के माध्यम से दर्शाया गया। मंच पर प्रस्तुत इन झलकियों ने दर्शकों को महाराष्ट्र की लोक-संस्कृति और भक्ति परंपरा का जीवंत अनुभव कराया।
अंत में महाराष्ट्र का स्तुति गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया गया। समिति के नन्हे कलाकारों ने भी अपनी आकर्षक प्रस्तुति से सबका दिल जीता। कलाकारों में महाराष्ट्र महिला मंडल की उपाध्यक्षा मीनल गंधे के साथ प्रगती देशमुख, रेवती करंदीकर, मेघना तत्ववादी, वेदांगी दांडेकर, तृप्ती दीपक, अंकिता कोतवाल, विजया गोडबोले, अनुष्का गोडबोले, स्वाती राऊत, स्मृती केतकर, तुहिना कट्टी एवं बाल कलाकार ओजस्वी, अमूल्य, अवनी, राधा और गौरी शामिल रहे।
समारोह का समापन गणेशजी की आरती और प्रसाद वितरण के साथ भक्तिमय वातावरण में किया गया।




