देहरादून: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (यूबीएसई) 27 सितंबर को राज्य में उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूटीईटी) का आयोजन करने जा रही है। परीक्षा को लेकर मंगलवार को बोर्ड सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को परीक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बोर्ड के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि इस वर्ष परीक्षा के लिए कुल 39,113 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए हैं। इनमें से 14,596 परीक्षार्थी यूटीईटी-प्रथम और 24,517 परीक्षार्थी यूटीईटी-द्वितीय परीक्षा में शामिल होंगे।
प्रदेशभर में 151 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां परीक्षा दो पालियों में होगी।
यूटीईटी-प्रथम परीक्षा : सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक यूटीईटी-द्वितीय परीक्षा : दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक
सचिव ने कहा कि परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा शांतिपूर्ण और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराई जाए। साथ ही, सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत योजना बनाई गई है।




