हल्द्वानी, 14 अक्टूबर 2025: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार की मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत 32 श्रद्धालुओं के दल को गंगोत्री धाम के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
हल्द्वानी सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुखद और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान करना और उनके जीवन में आध्यात्मिक शांति और आनंद का संचार करना है।
इस पांच दिवसीय यात्रा में 19 महिला और 13 पुरुष श्रद्धालु शामिल हैं। यात्रियों को गंगोत्री धाम के साथ-साथ मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न पवित्र स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा। उनके आवास और भोजन की व्यवस्था गढ़वाल मंडल विकास नियम के पर्यटक आवास केंद्रों में की गई है।
इस अवसर पर विधायक श्री बंशीधर भगत (कालाढूंगी), श्री राम सिंह कैड़ा (भीमताल), भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रताप बिष्ट, कुमाऊं मंडल के आयुक्त श्री दीपक रावत, आईजी श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।




