आठ लापता ट्रैकर्स की तलाश जारी, एक महिला और एक पुरुष का शव मिलने की सूचना, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जनपद के केदारताल ट्रैक पर लापता आठ लोगों की तलाश में चौथे दिन भी सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी रहा। मंगलवार को अभियान के दौरान रेस्क्यू टीम को एक महिला और एक पुरुष के शव मिलने की सूचना है। हालांकि, अभी तक प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। दोनों शवों को बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा बर्फ में दबा एक टेंट भी मिला है, जिसे लापता ट्रैकर्स की तलाश के लिहाज से अहम सुराग माना जा रहा है।
रेस्क्यू टीमें घटनास्थल के आसपास करीब दो से तीन किलोमीटर के दायरे में पैदल सर्च अभियान चला रही हैं। अब तक दो लोगों के शव मिलने की सूचना सामने आई है, जबकि अन्य छह लापता लोगों की तलाश की जा रही है। अभियान में वन विभाग, एसडीआरएफ, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) और एनडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से जुटी हैं।

गंगोत्री नेशनल पार्क के उप निदेशक मयंक गर्ग के अनुसार, 26 अक्टूबर को 12 लोगों को केदारताल ट्रैक पर जाने की अनुमति दी गई थी। इनमें से चार सदस्य वापस गंगोत्री लौट आए थे, जबकि आठ लोग लापता हो गए। इसके बाद से ही उनकी तलाश के लिए विभिन्न विभागों की टीमें सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।
वहीं, ट्रैकिंग एजेंसी के अध्यक्ष जयेंद्र राणा ने बताया कि उनकी टीम भी मौके पर पहुंचकर अभियान से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। बर्फ में दबा टेंट मिलना एक महत्वपूर्ण सुराग है, लेकिन टेंट से बरामद सामान के आधार पर अभी लापता ट्रैकर्स के संबंध में कोई पुष्टि नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में खराब मौसम के कारण रेस्क्यू टीमों को कई बार वापस लौटना पड़ रहा है, जिससे अभियान प्रभावित हो रहा है।
रेस्क्यू टीमों की प्राथमिकता लापता सभी आठ लोगों का पता लगाना और उन्हें सुरक्षित निकालना है। खराब मौसम और बर्फबारी के बीच चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अभियान जारी है।


