अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले के सेराघाट क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक एलपीजी सिलिंडर से लदा ट्रक नदी में गिर गया, जिससे चालक और परिचालक की मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। मृतक परिचालक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
हल्द्वानी से बेड़ीनाग की ओर जा रहा ट्रक संख्या- यूके 04 सीबी-3110, अल्मोड़-सेराघाट सड़क पर मंगलता से आगे टानी के पास अनियंत्रित होकर जैगन नदी में गिर गया। दुर्घटना के बाद ट्रक में लदे सभी सिलिंडर खाई और नदी में बिखर गए। ग्राम प्रहरी की सूचना पर धौलछीना थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। खाई में ट्रक ड्राइवर और कंडक्टर अचेत अवस्था में पाए गए। आपातकालीन सेवा 108 के माध्यम से उन्हें सीएचसी धौलछीना ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष धौलछीना सुशील कुमार ने बताया कि चालक की पहचान हरीश चंद्र बिष्ट, पुत्र परी सिंह निवासी कपकोट बागेश्वर के रूप में हुई है। कंडक्टर की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, जिसके प्रयास जारी हैं।




