By using this site, you agree to the Privacy Policy and Terms of Use.
Accept
Khabar 360 IndiaKhabar 360 IndiaKhabar 360 India
Notification Show More
Font ResizerAa
  • Uttarakhand
  • Politics
    • National Politics
    • Uttarakhand Politics
  • Business
  • Technology
  • Sports
  • Entertainment
  • Health
    • Health
    • Lifestyle
  • Science
  • Education
  • National
  • Contact Us
Reading: पांच साल में उत्तराखंड में कानून से लेकर अर्थव्यवस्था तक बदलाव का दावा, रोजगार और महिला सशक्तिकरण पर भी जोर
Share
Font ResizerAa
Khabar 360 IndiaKhabar 360 India
  • Politics
  • Education
  • Sports
  • Entertainment
  • Science
  • Technology
  • Business
Search
  • Uttarakhand
  • Politics
    • National Politics
    • Uttarakhand Politics
  • Business
  • Technology
  • Sports
  • Entertainment
  • Health
    • Health
    • Lifestyle
  • Science
  • Education
  • National
  • Contact Us
Follow US
Khabar 360 India > Private: Blog > Uttarakhand > पांच साल में उत्तराखंड में कानून से लेकर अर्थव्यवस्था तक बदलाव का दावा, रोजगार और महिला सशक्तिकरण पर भी जोर
Uttarakhand

पांच साल में उत्तराखंड में कानून से लेकर अर्थव्यवस्था तक बदलाव का दावा, रोजगार और महिला सशक्तिकरण पर भी जोर

Khabar 360 India Desk
Last updated: November 27, 2026 8:09 am
Khabar 360 India Desk Published November 27, 2026
Share
SHARE

धामी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में यूसीसी, नकल विरोधी कानून और सख्त भू-कानून शामिल; 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने, 3.10 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार का दावा

Contents
कानून व्यवस्था और जवाबदेही के लिए बड़े फैसले36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरीविदेश में रोजगार के लिए भाषा प्रशिक्षणस्कूली शिक्षा में तकनीक और छात्रवृत्ति पर जोरमहिलाओं को आरक्षण से आर्थिक स्वावलंबन तक के अवसरहाउस ऑफ हिमालयाज से स्थानीय उत्पादों को बाजारगरीब परिवारों को पेंशन, आवास और गैस रिफिल की सुविधाखेती-किसानी को स्वरोजगार से जोड़ने की पहलचकबंदी और कृषि भूमि के सर्वेक्षण पर जोरपशुपालन और मत्स्य पालन से बढ़े रोजगार के अवसरजीएसडीपी में डेढ़ गुने से अधिक की बढ़ोतरीगरीबी में कमी और रोजगार के अवसरों में वृद्धि का दावा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने पिछले पांच वर्षों के दौरान कानून व्यवस्था, रोजगार, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, कृषि और आर्थिक विकास के क्षेत्र में कई योजनाएं और नीतियां लागू की हैं। सरकार की ओर से जारी उपलब्धियों के अनुसार, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे फैसलों के साथ युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। वहीं, कृषि और उद्यान क्षेत्र में नई नीतियों के जरिए ग्रामीण आजीविका के विकल्प बढ़ाने तथा राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देने के प्रयास किए गए हैं।

कानून व्यवस्था और जवाबदेही के लिए बड़े फैसले

उत्तराखंड 27 जनवरी 2025 को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला स्वतंत्र भारत का पहला राज्य बना। इसके तहत विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे विषयों पर नागरिकों के लिए समान कानूनी प्रावधान लागू किए गए हैं।

भर्ती परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक रोकने के लिए वर्ष 2023 में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। इसमें संगठित तरीके से परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले गिरोहों और संस्थाओं के लिए आजीवन कारावास तक की सजा तथा 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति जब्त करने और दोषियों को भर्ती परीक्षाओं से प्रतिबंधित करने की व्यवस्था भी की गई है।

धर्मांतरण विरोधी कानून को वर्ष 2022 में और सख्त किया गया। इसके तहत बल, प्रलोभन, धोखाधड़ी, अनुचित प्रभाव, दबाव या विवाह के माध्यम से अवैध धर्म परिवर्तन कराने पर रोक लगाई गई है। वहीं, दंगों और विरोध प्रदर्शनों के दौरान सरकारी व निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से भरपाई कराने के लिए उत्तराखंड लोक एवं निजी संपत्ति क्षति वसूली अधिनियम, 2024 लागू किया गया। इसके तहत नुकसान का आकलन कर जिम्मेदार लोगों से मुआवजा वसूलने के लिए दावा अधिकरण गठित करने का प्रावधान है।

भूमि की अनियंत्रित खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से सख्त भू-कानून भी लागू किया गया है। इसके तहत हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर को छोड़कर प्रदेश के 11 पर्वतीय जिलों में बाहरी राज्यों के लोग कृषि और उद्यान भूमि नहीं खरीद सकते। सरकार के अनुसार, राज्य में धार्मिक स्थलों के नाम पर किए गए अवैध अतिक्रमण से 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि मुक्त कराई गई है। इसके अलावा धार्मिक भावनाओं का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी करने वाले छद्मवेशधारियों के खिलाफ ऑपरेशन कालनेमि शुरू किया गया।

36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी

युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। सरकार के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया और नकल माफिया पर कार्रवाई की गई।

युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उद्यमिता और कौशल प्रशिक्षण के साथ बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि अनुदान के रूप में देने की योजना भी शुरू की गई है। वहीं, उपनल कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन देने की पहल की गई है।

विदेश में रोजगार के लिए भाषा प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। सरकार के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2026 तक इस पहल के माध्यम से 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना शुरू की गई है। इसके प्रथम चरण में 11 हजार छात्र-छात्राओं को निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है।

स्कूली शिक्षा में तकनीक और छात्रवृत्ति पर जोर

शिक्षा के क्षेत्र में पीएम श्री योजना के पहले चरण में 141 और दूसरे चरण में 84 विद्यालयों का चयन किया गया है। इसके अलावा 500 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में वर्चुअल कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना सहित विभिन्न योजनाओं के तहत 21,743 बच्चों को छात्रवृत्ति दी गई है। उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना भी शुरू की गई है।

विद्यार्थियों में विज्ञान और अनुसंधान के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए लैब ऑन व्हील कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। सभी जनपदों में विज्ञान केंद्र स्थापित करने की दिशा में भी काम हो रहा है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है।

सरकार के अनुसार, उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तराखंड देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना है। दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना की गई है। टिहरी गढ़वाल के मदन नेगी में नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी मिली है, जबकि अल्मोड़ा के द्वाराहाट में केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि हस्तांतरित की गई है।

महिलाओं को आरक्षण से आर्थिक स्वावलंबन तक के अवसर

महिला सशक्तिकरण के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किया गया है। इसके अलावा सहकारी प्रबंध समितियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है। इन पहलों का उद्देश्य रोजगार और सहकारिता के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना है।

ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार के मुताबिक, प्रदेश में अब तक 3 लाख 10 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 5,19,943 महिलाओं को संगठित कर 70,767 स्वयं सहायता समूह गठित किए गए हैं।

हाउस ऑफ हिमालयाज से स्थानीय उत्पादों को बाजार

महिला समूहों और ग्रामीण उद्यमियों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज अम्ब्रेला ब्रांड शुरू किया गया है। सरकार के अनुसार, इस ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है और लगभग 5,500 महिलाएं सीधे आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी हैं।

नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत महिला समूहों को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे कृषि क्षेत्र में तकनीक आधारित सेवाओं के नए अवसर विकसित करने का प्रयास है।

बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए नंदा गौरा योजना संचालित है। इसके तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता का प्रावधान है। अक्टूबर 2026 तक चार लाख से अधिक बेटियों को योजना का लाभ मिलने का दावा किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना के तहत प्रसव के बाद महिलाओं को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

गरीब परिवारों को पेंशन, आवास और गैस रिफिल की सुविधा

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन के माध्यम से जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। सरकार के आंकड़ों के अनुसार, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत 9 लाख 99 हजार पात्र लाभार्थियों को प्रतिमाह करीब 148 करोड़ रुपये की पेंशन डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है। वृद्धावस्था पेंशन योजना में पात्र वृद्ध दंपति के दोनों सदस्यों को अलग-अलग 1,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन देने का प्रावधान किया गया है।

रसोई गैस का खर्च कम करने के लिए मुख्यमंत्री अंत्योदय निशुल्क गैस रिफिल योजना चलाई जा रही है। इसके तहत लगभग पौने दो लाख गरीब परिवारों को प्रतिवर्ष तीन गैस सिलेंडर निशुल्क रिफिल कराने की सुविधा दी जा रही है।

आवास योजनाओं के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में 53 हजार से अधिक परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जाने का दावा है। ग्रामीण क्षेत्रों में वर्ष 2022 से अब तक 39,815 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ मिला है। इसके अलावा प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 925 आवासों का निर्माण किया गया है।

छोटे कारोबारियों और रेहड़ी-पटरी पर आजीविका चलाने वालों को आर्थिक सहायता देने के लिए पीएम स्वनिधि योजना के तहत 33 हजार से अधिक फड़ कारोबारियों को बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया है।

खेती-किसानी को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल

कृषि और उद्यान क्षेत्र में पारंपरिक खेती के साथ नई फसलों और तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में मंडुवा और झंगोरा जैसे मोटे अनाज की खेती के साथ कीवी, ड्रैगन फ्रूट और सुगंधित पौधों की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन को भी ग्रामीण आजीविका का आधार बनाने पर जोर दिया गया है।

वर्ष 2023 में उत्तराखंड स्टेट मिलेट्स पॉलिसी घोषित की गई। इसके तहत वर्ष 2030-31 तक 134.89 करोड़ रुपये की कार्ययोजना स्वीकृत की गई है। मंडुवा और झंगोरा के बीज तथा जैव उर्वरक पर 80 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। मंडुवा का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 5,200 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है।

वर्ष 2025 में जारी कीवी नीति के तहत किसानों को कुल लागत पर 70 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। इससे प्रदेश के 17,500 किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। ड्रैगन फ्रूट नीति में भी 80 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान है।

महक क्रांति नीति के तहत 23 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सुगंधित फसलों की खेती विकसित करने के साथ प्रदेश में सात अरोमा वैली बनाई जा रही हैं। सरकार के अनुसार, प्रदेश के एरोमैटिक सेक्टर का वार्षिक कारोबार 100 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।

चकबंदी और कृषि भूमि के सर्वेक्षण पर जोर

पर्वतीय क्षेत्रों में बिखरी कृषि भूमि को खेती के अनुकूल बनाने के लिए स्वैच्छिक और आंशिक चकबंदी प्रोत्साहन नीति-2026 को मंजूरी दी गई है। इसके तहत पांच वर्षों में 275 गांवों को चकबंदी से जोड़ने का लक्ष्य है। साथ ही आगामी पांच वर्षों में राज्य की संपूर्ण कृषि भूमि का चरणबद्ध सर्वेक्षण और बंदोबस्त किए जाने का प्रावधान किया गया है। गन्ना किसानों को भी उत्तर प्रदेश की तुलना में पांच रुपये प्रति क्विंटल अधिक मूल्य दिया जा रहा है।

पशुपालन और मत्स्य पालन से बढ़े रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन के तहत गोपालन, बकरीपालन और भेड़पालन के माध्यम से 11,500 से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा गया है। गोट वैली योजना में 41 क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं और 5,827 लाभार्थी इससे जुड़ चुके हैं। गोपालन योजना में गाय के साथ भैंस खरीदने का विकल्प भी दिया गया है।

प्रदेश में दुग्ध उत्पादन वर्ष 2021-22 के 50.92 लाख लीटर प्रतिदिन से बढ़कर 54.59 लाख लीटर प्रतिदिन पहुंच गया है। उत्तराखंड की बद्री गाय के घी को जीआई टैग भी प्राप्त हुआ है।

मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए 170 करोड़ रुपये की ट्राउट प्रोत्साहन योजना शुरू की गई है। सरकार के अनुसार, राज्य गठन के बाद पहली बार पांच मीट्रिक टन रेनबो ट्राउट मछली का निर्यात किया गया। इससे 33 मत्स्यपालकों को करीब 23.50 लाख रुपये की आय हुई। प्रदेश में मत्स्यपालकों की संख्या बढ़कर 15,657 हो गई है, जिनमें 3,584 महिलाएं शामिल हैं।

किसानों को आर्थिक सहायता देने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि पहुंचाई गई है। इसके अलावा किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

जीएसडीपी में डेढ़ गुने से अधिक की बढ़ोतरी

राज्य सरकार की ओर से जारी आर्थिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024-25 में उत्तराखंड की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) बढ़कर 3,81,889 करोड़ रुपये हो गई। वर्ष 2021-22 के मुकाबले इसमें डेढ़ गुने से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। इसी अवधि में प्रति व्यक्ति आय 1,94,670 रुपये से बढ़कर 2,73,921 रुपये हो गई। वर्ष 2024-25 में राज्य की आर्थिक विकास दर 7.23 प्रतिशत रही।

वर्ष 2026-27 के लिए 1,11,703.21 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया है, जो वर्ष 2025-26 के बजट से 10.41 प्रतिशत अधिक है।

गरीबी में कमी और रोजगार के अवसरों में वृद्धि का दावा

सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य का बहुआयामी गरीबी सूचकांक वर्ष 2021-22 के 9.7 प्रतिशत से घटकर वर्ष 2024-25 में 6.92 प्रतिशत रह गया। वहीं, श्रम बल भागीदारी दर 60.1 प्रतिशत से बढ़कर 64.4 प्रतिशत हो गई।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की संख्या वर्ष 2021-22 में 59,798 थी, जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 79,394 हो गई। इन उद्यमों में रोजगार पाने वालों की संख्या भी वर्ष 2022 के 3,43,922 से बढ़कर वर्ष 2025 में 4,56,605 दर्ज की गई। राज्य में बड़े उद्योगों की संख्या वर्ष 2024-25 में 128 रही।

स्टार्टअप के क्षेत्र में भी विस्तार का दावा किया गया है। वर्ष 2017 तक राज्य में स्टार्टअप की संख्या शून्य थी, जो वर्ष 2021-22 में 702 और वर्ष 2024-25 में बढ़कर 1,750 हो गई। स्वास्थ्य क्षेत्र के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024-25 में शिशु मृत्यु दर घटकर 20 और मातृ मृत्यु दर 91 पर आ गई।

सरकार की ओर से प्रस्तुत इन आंकड़ों और योजनाओं के जरिए उत्तराखंड में कानून, रोजगार, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, कृषि और अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों की तस्वीर सामने रखी गई है। इन पहलों का वास्तविक असर योजनाओं के निरंतर क्रियान्वयन, लाभार्थियों तक पहुंच और विकास के परिणामों से आंका जाएगा।

You Might Also Like

पवाणी अग्निकांड ने उजाड़े 45 परिवारों के घर, राख हुए होमस्टे और स्वरोजगार के सपने

पिथौरागढ़ में निजी एंबुलेंस की लापरवाही का आरोप, बीच रास्ते में फार्मासिस्ट के उतरने के बाद 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने जारी किया 11 भर्तियों का परीक्षा कैलेंडर, 29 नवंबर से शुरू होंगी परीक्षाएं

उत्तराखंड में दोहरे नाम वाले मतदाताओं की DSE मॉड्यूल से होगी जांच, 4 जनवरी को जारी होगी अंतिम सूची

हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के कई विकास कार्य दिसंबर 2026 तक होंगे पूरे, धामी कैबिनेट ने ठेकेदारों को रॉयल्टी में दी राहत

TAGGED:also emphasis on employment and women empowermentClaims of change in Uttarakhand from law to economy in five years
Share This Article
Facebook Twitter Whatsapp Whatsapp LinkedIn Telegram Email Copy Link Print
Share
Leave a comment

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advt.

Follow US

Find US on Social Medias
FacebookLike
TwitterFollow
InstagramFollow
YoutubeSubscribe
Popular News
Uttarakhand

हल्द्वानी में गीजर ठीक करने के बहाने सोने के कड़े चोरी, मसूरी के स्कूल की लैब से लाखों के उपकरण गायब

Khabar 360 India Desk Khabar 360 India Desk November 27, 2026
एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह होंगे अगले वायुसेना प्रमुख
Uttarakhand News: धामी कैबिनेट की बैठक में लिए गए अहम फैसले: जैव प्रौद्योगिकी परिषद की संरचना में संशोधन को मंजूरी, खनिकर्म विभाग में नए पद होंगे सृजित…
मुख्य सचिव ने परिवहन विभाग से सडक दुर्घटनाओं के बाद हुए डेथ ऑडिट के फलस्वरूप उठाए गए सुधारात्मक कदमों की जानकारी मांगी
उत्तराखंड के 500 नर्सेज और वार्ड बॉय को विदेश में नौकरी दिलाने का लक्ष्य, 2027-28 में होगी पहल

Categories

  • Business
  • Technology
  • Sports
  • Entertainment
  • Health
  • Science

About US

Khabar 360 India provides comprehensive news coverage from Uttarakhand, including local events, politics, culture, and development, along with national and international news updates, ensuring well-rounded information for its readers.
Top Categories
  • Uttarakhand
  • National
  • Politics
  • Entertainment
  • Health
Quick Link
  • About Us
  • Our Team
  • My Bookmarks
  • Privacy Policy
  • Contact

Categories

  • Business
  • Technology
  • Sports
  • Entertainment
  • Health
  • Science

About US

Khabar 360 India provides comprehensive news coverage from Uttarakhand, including local events, politics, culture, and development, along with national and international news updates, ensuring well-rounded information for its readers.
Quick Link
  • About Us
  • Our Team
  • My Bookmarks
  • Privacy Policy
  • Contact
Top Categories
  • Uttarakhand
  • National
  • Politics
  • Entertainment
  • Health
© Khabar 360 India. All Rights Reserved | Developed By: Tech Yard Labs
Welcome Back!

Sign in to your account

Lost your password?