उत्तराखण्ड में 17 सितम्बर से गांधी जयंती तक चल रहे “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार” महाअभियान के अंतर्गत अब तक 4,39,973 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य शिविरों का लाभ उठाया। प्रदेशभर में आयोजित 9,112 शिविरों में महिलाओं, बच्चों और आमजन के लिए विभिन्न जांच व उपचार किए गए। अभियान के दौरान 46,523 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, 61,982 महिलाओं की एनीमिया जांच तथा 66,194 बच्चों का टीकाकरण हुआ। साथ ही ई–रक्तकोश में 42,602 यूनिट रक्त पंजीकृत और आयुष्मान भारत योजना के 7,694 कार्ड जारी किए गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “स्वस्थ महिला ही सशक्त परिवार और समाज की नींव है।”




